धनबाद: सुदामडीह थाना क्षेत्र के अमलाबाद में जितिया पर्व केदौरान दामोदर नदी में डूबी 16 वर्षीय सोनाक्षी कुमारी का शव रविवार सुबह बरामद कर लिया गया। सोनाक्षी नदी की तेज धार में बहकर लापता हो गई थी। रविवार सुबह करीब 7 बजे सिंदरी बस्ती के पास ग्रामीणों ने नदी में शव को तैरते हुए देखा।

स्थानीय निवासी सीबू मंडल ने इसकी सूचना पत्रकार नरेंद्र जोशी को दी। इसके बाद मृतका के परिजनों को जानकारी दी गई। परिजन मौके पर पहुंचे, जहां शव की पहचान सोनाक्षी के रूप में की गई। झरिया अंचल के अधिकारियों की मौजूदगी में शव को नदी से बाहर निकाला गया।
बताया गया कि सोनाक्षी मूल रूप से बिहार के आरा जिले की रहने वाली थी और लोदना स्थित अपने मामा के घर आई हुई थी। 2 अक्टूबर की सुबह वह जितिया पर्व के दौरान अमलाबाद स्थित दामोदर नदी में स्नान करने गई थी। इसी दौरान तेज बहाव में वह बहने लगी। उसे बचाने के प्रयास में उसके मामा अमन ने भी नदी में छलांग लगा दी थी, लेकिन वे भी डूबने लगे। स्थानीय लोगों ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया था।
घटना के बाद प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में लगातार तलाश अभियान चलाया गया। मौके पर सुदामडीह पुलिस, अंचल निरीक्षक राम रतन पांडे, अभय सिन्हा, पार्षद वीरेंद्र कुमार, पार्षद मुनी लाल दास तथा सांसद प्रतिनिधि गफ्फार अंसारी उर्फ पप्पू समेत स्थानीय लोग मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों ने दामोदर नदी के खतरनाक घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और लोगों को जागरूक करने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि नदी में तेज बहाव और गहराई को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
Prime News 24 — जनता की आवाज़, सच का साथ। हर मुद्दे पर आपके साथ। खबर पसंद आए तो Follow, Like और Share कर हमारी मुहिम को मजबूत बनाएं। हर खबर सबसे पहले पाने के लिए Subscribe करें।
