दुर्गा पूजा पर धनबाद में सुरक्षा का कड़ा पहरा, सिटी हॉक्स की पेट्रोलिंग तेज
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद: दुर्गा पूजा के दौरान शहर में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए धनबाद पुलिस अलर्ट मोड में है। भीड़भाड़ वाले बाजारों, मॉल, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी के लिए सिटी हॉक्स बाइक पेट्रोलिंग टीम को विशेष रूप से सक्रिय किया गया है।

गुरुवार को पुलिस कंट्रोल रूम में सिटी हॉक्स के पदाधिकारियों और जवानों की विशेष ब्रीफिंग की गई। एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने टीम को दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान डीएसपी सीसीआर प्रदीप कुमार साव समेत कई थाना प्रभारी और पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
सिटी एसपी ने जवानों को शहर के प्रमुख बाजारों, मॉल, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, पूजा पंडालों के आसपास और अन्य संवेदनशील स्थानों पर लगातार पेट्रोलिंग करने का निर्देश दिया। भीड़ के बीच संदिग्ध गतिविधियों और लोगों पर नजर रखने तथा किसी भी संदिग्ध परिस्थिति की जानकारी तत्काल संबंधित थाना को देने को कहा गया।
ज्वैलरी शॉप, बैंक और एटीएम पर विशेष निगरानी
दुर्गा पूजा के दौरान खरीदारी को लेकर बाजारों में भीड़ बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए ज्वैलरी शॉप, बैंक, एटीएम और धार्मिक स्थलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। अनावश्यक रूप से घूमने वाले संदिग्ध लोगों पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर पूछताछ करने के निर्देश दिए गए हैं।
महिला सुरक्षा पर भी विशेष जोर
पूजा के दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चे बाजारों में पहुंचते हैं। ऐसे में छिनतई, छेड़खानी और महिलाओं से दुर्व्यवहार जैसी घटनाओं को रोकने के लिए भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है। किसी भी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करने और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त बनाए रखने को कहा गया है।
सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। सिटी हॉक्स के साथ थाना स्तर की पुलिस भी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार सक्रिय रहेगी, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित माहौल में पूजा और उत्सव का आनंद ले सकें।