धनबाद में दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस सख्त, डीजे बजा तो रद्द होगा पूजा समिति का लाइसेंस

धनबाद में दुर्गा पूजा को लेकर पुलिस सख्त, डीजे बजा तो रद्द होगा पूजा समिति का लाइसेंस

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

पूजा पंडालों में सीसीटीवी और अग्नि सुरक्षा अनिवार्य, चोरी-गृहभेदन रोकने के लिए आठ जोन और तीन सुपर जोन में होगी रात्रि गश्ती

धनबाद: दुर्गा पूजा के दौरान जिले में सुरक्षा व्यवस्था और यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिस ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। मंगलवार को समाहरणालय स्थित पुलिस सभागार में एसएसपी प्रभात कुमार की अध्यक्षता में विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, आईपीएस अंकित सिन्हा समेत जिले के सभी डीएसपी, एसडीपीओ, अंचल निरीक्षक, थाना प्रभारी और ओपी प्रभारी मौजूद रहे।

बैठक में पूजा पंडालों की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, रात्रि गश्ती, चोरी और गृहभेदन की घटनाओं पर नियंत्रण तथा आर्म्स एक्ट के लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई।

हर पूजा पंडाल का थाना प्रभारी करेंगे निरीक्षण

एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र की पूजा समितियों के साथ बैठक कर सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने को कहा। थाना प्रभारी प्रत्येक पूजा पंडाल का भ्रमण कर वहां की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेंगे।

पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और अग्नि सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास द्वार की व्यवस्था भी अनिवार्य करने को कहा गया है।

सहायता केंद्र पर जरूरी नंबर करना होगा प्रदर्शित

पूजा पंडालों के समीप सहायता केंद्र बनाने का निर्देश दिया गया है। यहां पुलिस, जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, अस्पताल, अग्निशमन विभाग और बिजली विभाग सहित जरूरी सेवाओं के संपर्क नंबर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने होंगे, ताकि आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल सहायता मिल सके।

डीजे बजा तो लाइसेंस रद्द, पदाधिकारियों पर होगी कार्रवाई

एसएसपी प्रभात कुमार ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा से लेकर प्रतिमा विसर्जन तक पूजा समितियों द्वारा डीजे साउंड का इस्तेमाल किए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

डीजे का उपयोग पाए जाने पर संबंधित पूजा समिति का लाइसेंस तत्काल रद्द करने के साथ समिति के पदाधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। डीजे जब्त करने और साउंड ऑपरेटर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का भी निर्देश दिया गया है।

यातायात व्यवस्था के लिए बनेगी विशेष कार्ययोजना

पूजा के दौरान शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस को विशेष कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया है। ऑटो और टोटो चालकों की मनमानी, गलत स्थान पर वाहन खड़ा करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा।

श्रमिक चौक पर जर्जर सड़क के कारण उत्पन्न होने वाली यातायात समस्या को देखते हुए सड़क मरम्मत के लिए संबंधित विभाग को निर्देशित करने की बात कही गई। वहीं बरमसिया पुल के समीप सड़क पर एफसीआई वाहनों के खड़े होने से होने वाली परेशानी को दूर करने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया गया।

चोरी और गृहभेदन रोकने के लिए आठ जोन में बंटा जिला

चोरी और गृहभेदन की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस ने नया रात्रि गश्ती ब्लूप्रिंट तैयार किया है। जिले के सभी थाना क्षेत्रों को आठ जोन में बांटा गया है।

प्रत्येक रात इंस्पेक्टर स्तर के नोडल थाना प्रभारी अपने संबंधित जोन के थाना क्षेत्रों में भ्रमणशील रहेंगे और रात्रि गश्ती दल की निगरानी करेंगे।

तीन सुपर जोन में होगी गश्ती की निगरानी

आठ जोन को तीन सुपर जोन में बांटा गया है। प्रत्येक रात डीएसपी और एसडीपीओ स्तर के अधिकारी अपने-अपने सुपर जोन में भ्रमणशील रहकर रात्रि गश्ती की निगरानी करेंगे।

इसके अलावा एसएसपी प्रभात कुमार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव और ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब भी क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर रात्रि गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था का औचक निरीक्षण करेंगे। संवेदनशील इलाकों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

दो माह में आर्म्स एक्ट के लंबित मामलों का होगा निष्पादन

बैठक में आर्म्स एक्ट से संबंधित लंबित मामलों की भी समीक्षा की गई। सभी थाना प्रभारियों को अगले दो माह के भीतर लंबित मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सुरक्षा मानकों की अनदेखी, यातायात नियमों का उल्लंघन या रात्रि गश्ती में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

About Author

error: Content is protected !!