पैसे नहीं देने पर युवती को कमरे में बंद करने का आरोप, पुलिस पहुंची तो बाहर निकाला

धनबाद: सरायढेला थाना क्षेत्र की वृंदावन कॉलोनी में नेटवर्क मार्केटिंग कंपनी से जुड़ा विवाद सामने आया है। निमियाघाट की रहने वाली नंदनी कुमारी ने कंपनी की टीम लीडर पर पैसे नहीं देने पर उसे कमरे में बंद करने का आरोप लगाया है। सूचना मिलने के बाद सरायढेला पुलिस मौके पर पहुंची और युवती समेत संबंधित पक्षों को थाने ले जाकर मामले की जांच शुरू कर दी।

नंदनी के अनुसार, वह अपनी मौसेरी बहन के माध्यम से नेटवर्क मार्केटिंग कंपनी से जुड़ी थी। उसका आरोप है कि कंपनी में काम शुरू करने के लिए उससे करीब 9 हजार रुपये जमा कराए गए थे। इसके बाद उसे लगभग 37 हजार रुपये के कंपनी प्रोडक्ट खरीदकर बाजार में बेचने के लिए कहा गया।

नंदनी का कहना है कि जब उसने इतनी रकम देने में असमर्थता जताई, तो उसे एक कमरे में बंद कर दिया गया। कमरे में बंद किए जाने के बाद उसने फोन के जरिए अपने परिचितों को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस और मीडिया कर्मी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद युवती को कमरे से बाहर निकाला गया।
वहीं, कंपनी की टीम लीडर पलक महतो ने युवती के आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि युवती को उसके परिजनों को बुलाकर उनके हवाले करने की बात कही गई थी।
फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। पुलिस की जांच और दोनों पक्षों के बयान के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।