धनबाद के CO से मांगी 1 करोड़ की रंगदारी, नहीं देने पर गोली मारने की धमकी; WhatsApp पर भेजा SBI खाते का नंबर
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद: धनबाद सदर अंचलाधिकारी (CO) रामप्रवेश कुमार से व्हाट्सऐप के जरिए एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। रंगदारी की रकम नहीं देने पर उन्हें गोली मारने की धमकी दी गई। मामले को लेकर अंचलाधिकारी ने धनबाद थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत के मुताबिक, 14 सितंबर की शाम करीब 7:11 बजे उनके मोबाइल पर एक नंबर से व्हाट्सऐप के जरिए धमकी भरा संदेश भेजा गया। संदेश में एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई और रकम नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
बताया गया है कि धमकी देने वाले व्यक्ति ने रंगदारी की रकम जमा करने के लिए एसबीआई की राजगंज शाखा के एक बैंक खाते का नंबर भी भेजा। अंचलाधिकारी ने पुलिस को धमकी भरे संदेश की प्रति भी उपलब्ध कराई है।
शिकायत में धमकी देने वाले संदिग्ध व्यक्ति की पहचान राजू के नाम से बताए जाने की जानकारी दी गई है। हालांकि, धमकी के पीछे वास्तविक व्यक्ति कौन है, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए धनबाद थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस धमकी में इस्तेमाल मोबाइल नंबर, व्हाट्सऐप संदेश और उपलब्ध कराए गए बैंक खाते की जानकारी खंगाल रही है। मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया भी चल रही है।
पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि धमकी देने वाला कौन है और रंगदारी मांगने के पीछे उसका उद्देश्य क्या था।