मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार को लेकर विवाद, लाठी-डंडे से मारपीट में तीन घायल
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
झरिया : सुदामडीह थाना क्षेत्र के मोहुलबनी मुक्तिधाम में रविवार को शव के अंतिम संस्कार को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे से मारपीट शुरू हो गई। घटना में तीन लोग घायल बताए जा रहे हैं।

घायलों की पहचान कुश कुमार, उपेंद्र यादव और मुखदेव यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सीएफआरआई क्षेत्र निवासी स्वर्गीय शिवदास यादव के शव को अंतिम संस्कार के लिए मोहुलबनी मुक्तिधाम लाया गया था।

अंतिम संस्कार की प्रक्रिया के दौरान डोम राजा द्वारा पैसे की मांग किए जाने को लेकर मृतक के परिजनों और उनके बीच विवाद शुरू हुआ। विवाद बढ़ने के बाद परिजनों ने स्वयं अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू कर दी।
आरोप है कि इसी दौरान घाट के डोम राजा ने करीब 25 से 30 लोगों को मौके पर बुला लिया, जिसके बाद अंतिम संस्कार में शामिल लोगों के साथ लाठी-डंडे से मारपीट की गई। मारपीट में कुश कुमार और उपेंद्र यादव के सिर में गंभीर चोट लगी, जबकि मुखदेव यादव का हाथ टूटने की बात सामने आई है।
घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झरिया, जोरापोखर ले जाया गया। सूचना मिलने पर सुदामडीह पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस घटना में शामिल लोगों की पहचान करने के साथ ही विवाद के कारणों और लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।