भाजपा कार्यालय के बाहर कांग्रेस का हंगामा, ‘शुद्धिकरण’ मुद्दे पर धनबाद में बढ़ा सियासी पारा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद: हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के
बाद सामने आए कथित ‘शुद्धिकरण’ कार्यक्रम को लेकर शुरू हुआ राजनीतिक विवाद अब धनबाद में भी देखने को मिला। सोमवार को युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय के बाहर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान जमकर नारेबाजी हुई और कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।

कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में भाजपा कार्यालय के बाहर जुटे और कथित शुद्धिकरण कार्यक्रम के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला और मनुस्मृति जलाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को अपने कब्जे में ले लिया।
प्रदर्शन के दौरान कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय के अंदर जाने की कोशिश की। पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। आगे बढ़ने को लेकर प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।
मौके पर पहले से भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था। पुलिस ने स्थिति को बिगड़ने से रोकते हुए प्रदर्शनकारियों को कार्यालय परिसर में प्रवेश नहीं करने दिया। बाद में प्रदेश अध्यक्ष और युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष को हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया।
घटना के बाद भाजपा कार्यालय के आसपास पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई। काफी देर तक इलाके में राजनीतिक तनाव का माहौल बना रहा। हल्द्वानी के ‘शुद्धिकरण’ विवाद का असर धनबाद में भी दिखाई दिया, जहां भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने नजर आए।