कतरास में धंसी जमीन ने मचाई दहशत, देखते ही देखते बना विशाल गोफ… मवेशी समाया

कतरास: धनबाद के कतरास इलाके में सोमवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब लकड़का 6 नंबर चाणक के समीप अचानक जमीन धंस गई। कुछ ही देर में वहां जमीन के अंदर एक बड़ा और गहरा गोफ बन गया, जिसकी चपेट में आने से एक मवेशी उसमें समा गया।

अचानक जमीन धंसने की घटना के बाद आसपास के लोगों में भय का माहौल बन गया। घटना की खबर मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गोफ के आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। गहराई अधिक होने के कारण लोग उसके करीब जाने से भी बचते नजर आए।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि कोयलांचल क्षेत्र में जमीन धंसने और गोफ बनने की घटनाएं कोई नई बात नहीं हैं। खुले गोफ के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। खासकर आबादी और आवागमन वाले क्षेत्रों में ऐसी घटनाएं लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रही हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण कराने, गोफ की भराई कराने और आसपास के इलाके को सुरक्षित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में किसी इंसान के गोफ में गिरने से गंभीर हादसा हो सकता है।