बेरमो में CISF का बड़ा प्रहार, 395 टन अवैध कोयला और 36 वाहन जब्त, 7 FIR दर्ज

बोकारो: बोकारो जिले के बेरमो थाना क्षेत्र में अवैध कोयला तस्करी के खिलाफ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने जुलाई माह के दौरान व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा प्रदत्त एमएमडीआर अधिनियम की शक्तियों का उपयोग करते हुए सीसीएल करगली यूनिट ने कमांडेंट राजप्रताप सिंह के नेतृत्व में पूरे महीने कुल 46 छापेमारी अभियान चलाए।

इन अभियानों के दौरान 395.480 मीट्रिक टन अवैध कोयला बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 10,07,588 रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई के संबंध में एमएमडीआर अधिनियम के तहत 7 मामलों में स्थानीय पुलिस थानों में प्राथमिकी (FIR) भी दर्ज कराई गई है।

कार्रवाई के दौरान सीआईएसएफ ने 36 वाहनों को भी जब्त किया। इनमें 26 मोटरसाइकिल, 1 स्कूटी, 3 स्कूटर, 4 ऑटो और 2 पिकअप वाहन शामिल हैं। सभी जब्त वाहनों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
सीआईएसएफ के अनुसार, अब राजमार्गों पर कोयला लदे वाहनों के दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। साथ ही अवैध कोयला तस्करी से जुड़े नेटवर्क की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है, ताकि रात के समय होने वाले अवैध कोयला परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके और ‘जीरो कोल लीकेज’ के लक्ष्य को हासिल किया जा सके।
जनसहयोग को बढ़ावा देने के लिए सीआईएसएफ ने हेल्पलाइन नंबर 7484974774 जारी किया है। इस नंबर पर मिलने वाली सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी तथा सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। सीआईएसएफ ने आम लोगों से अपील की है कि अवैध कोयला तस्करी से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल हेल्पलाइन पर दें, ताकि इस अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।