वासेपुर में हत्या की साजिश नाकाम, प्रिंस खान गैंग के दो गुर्गे हथियार और जिंदा बम के साथ गिरफ्तार

धनबाद: धनबाद पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक साजिश का खुलासा करते हुए कुख्यात प्रिंस खान गैंग के दो गुर्गों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी वासेपुर के एक जमीन कारोबारी और एक होटल व्यवसायी की हत्या की योजना बना रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर भुली ओपी पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर वारदात को विफल कर दिया।

सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने प्रेस वार्ता में बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि भुली ओपी क्षेत्र स्थित बी. पॉलीटेक्निक के पास जंगल में कुछ अपराधी हथियारों के साथ किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी की और मौके से गुलाम गौस उर्फ छोटू कुरैशी तथा शोएब कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से दो देशी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और दो जिंदा बम बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि बरामद हथियारों पर “Made in Italy” अंकित है, जिसकी जांच की जा रही है।
प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि दोनों आरोपी कुख्यात अपराधी प्रिंस खान और गोपी खान के निर्देश पर वासेपुर के एक जमीन कारोबारी और एक होटल व्यवसायी की हत्या की साजिश रच रहे थे। पुलिस के अनुसार, दोनों कई दिनों से अपने संभावित लक्ष्य की रेकी भी कर रहे थे।
सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शोएब कुरैशी पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर गैंग के अन्य सदस्यों और इस साजिश से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
धनबाद पुलिस का कहना है कि समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़ी आपराधिक घटना टल गई। मामले में आगे की जांच जारी है और आरोपियों से मिले इनपुट के आधार पर अन्य ठिकानों पर भी कार्रवाई की जाएगी।