टुंडी के मनियाडीह जंगल में युवक का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका; पहचान में जुटी पुलिस

टुंडी के मनियाडीह जंगल में युवक का शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका; पहचान में जुटी पुलिस

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

टुंडी (धनबाद): पश्चिमी टुंडी के मनियाडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत नवादा जंगल में शनिवार को लगभग 35 वर्षीय अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव के सीने से रक्तस्राव के निशान मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और फोरेंसिक टीम के आने का इंतजार कर रही है।

घटना की सूचना मिलते ही मनियाडीह थाना प्रभारी अकबर खान, इंस्पेक्टर साजिद हुसैन तथा धनबाद टू के डीएसपी नाजिर अख्तर मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस मृतक की पहचान कराने के प्रयास में जुटी है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी थी।

डीएसपी नाजिर अख्तर ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। आशंका है कि युवक की हत्या किसी अन्य स्थान पर करने के बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को नवादा के घने जंगल में लाकर फेंक दिया गया, ताकि उसकी पहचान न हो सके।

पुलिस के अनुसार, सबसे पहले जंगल में मशरूम चुनने गए कुछ लोगों ने शव देखा और इसकी सूचना स्थानीय मुखिया इंद्रलाल बास्की को दी। मुखिया ने तत्काल मनियाडीह थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

इधर, घटना को लेकर क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सोनेत संथाल समाज के केंद्रीय सदस्य गुरुचरण बास्की मामले की निष्पक्ष एवं शीघ्र जांच कर हत्या का खुलासा करने तथा दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी शुरू कर दी है। फोरेंसिक जांच रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

About Author

error: Content is protected !!