निरसा के जवाहर नवोदय विद्यालय हॉस्टल में रैगिंग का आरोप, 10वीं के छात्र को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा

धनबाद/निरसा: धनबाद जिले के निरसा स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय, बेनागोड़िया के हॉस्टल में रैगिंग का गंभीर मामला सामने आया है। 10वीं कक्षा के एक छात्र ने आरोप लगाया है कि पांच सीनियर छात्रों ने उसे बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट की।
पीड़ित छात्र के अनुसार, मंगलवार देर रात करीब दो बजे आरोपियों ने उसे कमरे से उठाया, उसके कपड़े उतरवाए और हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए। इसके बाद बेल्ट से उसकी पिटाई की गई और जबरन उठक-बैठक कराई गई। छात्र का यह भी आरोप है कि पूरी घटना का वीडियो मोबाइल में रिकॉर्ड किया गया और मारपीट के बाद उसके जख्मों पर नमक भी रगड़ा गया।
घटना के बाद छात्र डर और दहशत के कारण दो दिनों तक किसी को कुछ नहीं बता सका। तबीयत बिगड़ने पर उसने अपने परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई। इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज चल रहा है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद विद्यालय प्रबंधन ने जांच के लिए एक समिति गठित करने की बात कही है। प्रबंधन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना से अभिभावकों और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। दोषी छात्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।