धनबाद स्टेशन पर मानवता की मिसाल: आरपीएफ महिला आरक्षी की मदद से प्लेटफॉर्म पर हुआ सुरक्षित प्रसव, जच्चा-बच्चा स्वस्थ

धनबाद: धनबाद रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को उस समय भावुक कर देने वाला दृश्य देखने को मिला, जब एक महिला यात्री को अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ की महिला आरक्षी ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए प्लेटफॉर्म पर ही सुरक्षित प्रसव कराने में अहम भूमिका निभाई।

महिला ने एक स्वस्थ पुत्र को जन्म दिया। प्रसव के बाद मां और नवजात दोनों स्वस्थ बताए जा रहे हैं। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे और स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची तथा जच्चा-बच्चा को आवश्यक चिकित्सीय देखभाल के लिए अस्पताल भेजा गया।
आरपीएफ महिला आरक्षी की संवेदनशीलता, त्वरित कार्रवाई और साहस की यात्रियों ने जमकर सराहना की। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि आपात स्थिति में सुरक्षा बल न केवल सुरक्षा, बल्कि मानवता का भी उत्कृष्ट उदाहरण पेश करते हैं।