धनबाद में कॉस्मेटिक दुकान से चोरी करती दो महिलाएं रंगे हाथ पकड़ी गईं, CCTV में कैद हुई वारदात

धनबाद: धनबाद थाना क्षेत्र के हीरापुर स्थित चाइना मार्केट में रविवार को एक कॉस्मेटिक दुकान में चोरी के आरोप में दो महिलाओं को रंगे हाथ पकड़ लिया गया। दुकान संचालक और कर्मचारियों ने दोनों महिलाओं को पकड़कर सदर थाना पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

दुकान संचालक विकी कुमार ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से उनकी दुकान से लगातार कॉस्मेटिक सामान गायब हो रहे थे। संदेह होने पर उन्होंने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी, जिसमें दो महिलाएं संदिग्ध गतिविधियां करते हुए और दुकान से सामान चोरी करती हुई दिखाई दीं।

रविवार को दोनों महिलाएं एक बार फिर दुकान पर पहुंचीं। इस दौरान पहले से सतर्क दुकान संचालक और कर्मचारियों ने उन पर नजर रखी। आरोप है कि जैसे ही दोनों महिलाओं ने सामान चोरी करने की कोशिश की, उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
दुकान संचालक ने बताया कि पहले हुई चोरी की घटनाओं के सीसीटीवी फुटेज भी उनके पास सुरक्षित हैं, जिन्हें पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस दोनों महिलाओं से पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि वे किसी संगठित चोरी गिरोह का हिस्सा हैं या नहीं।