रेलवे टेंडर में रंगदारी की तैयारी नाकाम, हथियारों के जखीरे के साथ गिरोह का सदस्य गिरफ्तार

रेलवे टेंडर में रंगदारी की तैयारी नाकाम, हथियारों के जखीरे के साथ गिरोह का सदस्य गिरफ्तार

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

चिरकुंडा में पुलिस की छापेमारी, दो पिस्टल, 33 कारतूस और मोबाइल बरामद; जेल में बंद अपराधी के निर्देश पर जुटाए जा रहे थे हथियार

धनबाद: जिले में अपराध पर लगाम लगाने की दिशा में पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में चिरकुंडा थाना क्षेत्र से एक व्यक्ति को अवैध हथियार और भारी मात्रा में कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस का दावा है कि आरोपी संगठित अपराध से जुड़े लोगों के लिए हथियार और गोला-बारूद एकत्र कर रहा था।
ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने बताया कि सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अपने परिचित के घर में हथियार और कारतूस छिपाकर रखे हुए है तथा किसी बड़ी आपराधिक वारदात की तैयारी चल रही है। इसके बाद विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने निरसा क्षेत्र के वृंदावनपुर निवासी मो. रिजवान सिद्दीकी (45) को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से एक 9 एमएम पिस्टल, एक 7.65 एमएम पिस्टल, दोनों की मैगजीन तथा 33 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। साथ ही एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया, जिसमें हथियारों के लेन-देन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की बात कही जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर जेल में बंद अपराधी अफजल अमन के संपर्क में था और उसके निर्देश पर हथियार जमा कर रहा था। प्रारंभिक जांच के अनुसार इन हथियारों का इस्तेमाल रेलवे टेंडर से जुड़े कारोबारियों और ठेकेदारों को धमकाकर अवैध वसूली करने की योजना में किया जाना था।
मामले में चिरकुंडा थाना में आर्म्स एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन कर रही है।

About Author

error: Content is protected !!