आटा मिल कर्मी उमेश यादव हत्याकांड के विरोध में सड़क जाम, मुआवजे और गिरफ्तारी की मांग

आटा मिल कर्मी उमेश यादव हत्याकांड के विरोध में सड़क जाम, मुआवजे और गिरफ्तारी की मांग

धनबाद: आटा मिल कर्मी उमेश यादव की हत्या के विरोध में सोमवार को धनबाद-झरिया मुख्य मार्ग पर बस्ताकोला के समीप लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया और मृतक के परिजनों को 15 लाख रुपये मुआवजा देने तथा हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

जानकारी के अनुसार, उमेश यादव रत्न अग्रवाल के आटा मिल में कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे। रविवार को वे तकादा कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान गोंदुडीह ओपी क्षेत्र के हिल टॉप आउटसोर्सिंग के पास पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल उमेश यादव की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और परिजन सड़क पर उतर आए तथा पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि धनबाद में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर पुलिस अंकुश लगाने में विफल रही है।

सड़क जाम के कारण धनबाद-झरिया मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। हत्या के पीछे लूट और आपसी रंजिश दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

About Author

error: Content is protected !!