चास मेयर भोलू पासवान का मेरी पत्नी के साथ गलत संबंध,
चास मेयर समेत कई लोगों पर लगाए गए गंभीर आरोप,बोकारो में वायरल वीडियो से मचा बवाल,
वीडियो जारी करने वाले व्यक्ति ने पत्नी, मेयर और अन्य लोगों पर लगाए आरोप; पत्नी ने टिप्पणी से किया इंकार, मेयर ने आरोपों को बताया निराधार
बोकारो: सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो को लेकर बोकारो में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। चास के रामनगर कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने वीडियो जारी कर चास के मेयर भोलू पासवान समेत शहर के कई लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। वीडियो में व्यक्ति ने अपनी पत्नी और अन्य लोगों के संबंध में कई दावे किए हैं।
हालांकि, वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। संबंधित व्यक्ति ने पुष्टि की है कि वायरल वीडियो उसने स्वयं सोशल मीडिया पर साझा किया है और उसमें जिन लोगों के नाम लिए गए हैं, उन्हें पूरे मामले से जुड़ा बताया है।
व्यक्ति के अनुसार उसकी शादी दिसंबर 2009 में हुई थी। उसने दावा किया कि वर्ष 2010 में बेटी और 2014 में बेटे का जन्म हुआ। उसका आरोप है कि पत्नी द्वारा चास स्थित एक जिम ज्वाइन करने के बाद पारिवारिक विवाद शुरू हुआ। वीडियो में उसने कुछ अन्य लोगों के नाम भी लिए हैं। हालांकि इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
व्यक्ति ने बोकारो पुलिस पर भी कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि उसने 20 दिसंबर 2025 को चास थाना में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उसने यह भी आरोप लगाया कि मामले में प्रभावशाली लोगों के दबाव के कारण कार्रवाई प्रभावित हुई।
दूसरी ओर, आरोपों को लेकर संपर्क किए जाने पर संबंधित महिला ने किसी भी प्रकार की टिप्पणी करने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा कि यदि उनके खिलाफ कोई खबर प्रकाशित की जाती है तो वे कानूनी कार्रवाई करेंगी।
वहीं, चास मेयर भोलू पासवान ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वायरल वीडियो में किए गए दावे पूरी तरह बेबुनियाद और निराधार हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले से उनका कोई संबंध नहीं है और उनकी छवि धूमिल करने की साजिश के तहत उनका नाम लिया जा रहा है।
नोट: मामले में लगाए गए आरोप संबंधित व्यक्ति के दावे हैं। इनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और जांच या कानूनी प्रक्रिया पूरी होने तक इन्हें आरोप के रूप में ही देखा जाना चाहिए।