राजगंज में फिर धड़ल्ले से अवैध कोयला कारोबार, दुलाल कुम्हार की मौत के बाद भी डोमनपुर डिपो में दिनदहाड़े ट्रेलरों पर लोड हो रहा कोयला

राजगंज में फिर धड़ल्ले से अवैध कोयला कारोबार, दुलाल कुम्हार की मौत के बाद भी डोमनपुर डिपो में दिनदहाड़े ट्रेलरों पर लोड हो रहा कोयला

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

एसएसपी के सख्त निर्देशों के बावजूद जेसीबी से कोयला लोडिंग जारी, स्थानीय प्रशासन और पुलिस की कार्यशैली पर उठ रहे सवाल

धनबाद/राजगंज : धनबाद जिले में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच राजगंज क्षेत्र के डोमनपुर में एक बार फिर अवैध कोयला लोडिंग और परिवहन का मामला चर्चा में है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिस डिपो के पास 15 मई को मजदूर दुलाल कुम्हार की दर्दनाक मौत हुई थी, वहां दोबारा बड़े पैमाने पर अवैध कोयले का कारोबार शुरू हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि अब रात के अंधेरे में नहीं बल्कि दिनदहाड़े जेसीबी मशीनों से ट्रेलर और हाइवा में कोयला लोड किया जा रहा है। आरोप है कि बिना वैध दस्तावेजों के भारी मात्रा में कोयले का परिवहन हो रहा है और स्थानीय प्रशासन इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं कर पा रहा है।
बताया जाता है कि 15 मई को इसी इलाके में बिना नंबर की एक मिनी हाइवा की चपेट में आने से मजदूर दुलाल कुम्हार की मौत हो गई थी। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश देखने को मिला था। बाद में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों के प्रयास से पीड़ित परिवार को 9 लाख रुपये की सहायता राशि दिलाई गई थी।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसे के बाद भी संबंधित डिपो को स्थायी रूप से बंद नहीं किया गया और कुछ ही समय बाद वहां फिर से अवैध गतिविधियां शुरू हो गईं। ग्रामीणों का कहना है कि दिनभर ट्रेलरों और हाइवा की आवाजाही से सड़क सुरक्षा पर भी खतरा बढ़ गया है। ओवरलोड वाहनों से उड़ने वाली कोयला धूल के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मामले को लेकर पंचायत समिति सदस्य उमेश चौधरी द्वारा पूर्व में जिला प्रशासन को लिखित शिकायत भी दी गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि समय रहते कार्रवाई नहीं होने के कारण ही दुर्घटना जैसी घटनाएं सामने आईं।
अब स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अवैध कोयला कारोबार पर स्थायी रोक लगाने, बिना नंबर के वाहनों पर कार्रवाई करने और डोमनपुर डिपो की जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन, थाना घेराव और चक्का जाम किया जाएगा।

About Author

error: Content is protected !!