प्रिंस खान के नाम पर होटल कैपिटोल हिल संचालक से 1 करोड़ की रंगदारी, परिवार को खत्म करने की धमकी

प्रिंस खान के नाम पर होटल कैपिटोल हिल संचालक से 1 करोड़ की रंगदारी, परिवार को खत्म करने की धमकी

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रांची: राजधानी रांची में गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम पर रंगदारी मांगने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को शहर के प्रतिष्ठित होटल कैपिटोल हिल के संचालक संजय भाटिया उर्फ टिनू भाटिया से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई। रंगदारी नहीं देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है। घटना के बाद राजधानी के कारोबारी वर्ग में दहशत का माहौल है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, विदेशी नंबर से वॉयस कॉल और व्हाट्सएप कॉल कर धमकी दी गई। भेजे गए मैसेज में “जोहार टिनू भाटिया जी” लिखकर संबोधित किया गया और एक करोड़ रुपये की मांग की गई। संदेश में दावा किया गया कि परिवार की पूरी रेकी कर ली गई है और एक इशारे पर एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के टीटोस रेस्टोरेंट जैसी घटना को अंजाम दिया जा सकता है।
घटना की सूचना मिलते ही रांची पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस अधिकारी पीपी कंपाउंड स्थित टिनू भाटिया के आवास पहुंचे और मामले की जानकारी ली। हालांकि पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। बताया जा रहा है कि जांच एजेंसियां प्रिंस खान गिरोह से जुड़े पुराने मामलों और उसके नेटवर्क की भी पड़ताल कर रही हैं।
पहले भी निशाने पर रहा है भाटिया परिवार
भाटिया परिवार पहले भी अपराधियों के निशाने पर रह चुका है। परिवार के सदस्य अभिमन्यु भाटिया उर्फ लव भाटिया का पूर्व में अपहरण किया गया था, हालांकि पुलिस ने उन्हें सकुशल बरामद कर लिया था।
लगातार कारोबारियों को मिल रही धमकियां
गौरतलब है कि 2 जून को होटल जलजोगा रेस्टोरेंट के मालिक मिहिर घोष से भी प्रिंस खान के नाम पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। इससे पहले मार्च 2026 में अलबर्ट एक्का चौक स्थित जयहिंद फार्मा के संचालक से एक करोड़ रुपये की मांग की गई थी।
जनवरी 2026 में एयरपोर्ट क्षेत्र स्थित टीटोस रेस्टोरेंट के संचालक से भी एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। रकम नहीं मिलने पर रेस्टोरेंट में फायरिंग की गई थी, जिसमें एक वेटर की मौत हो गई थी। इसके अलावा नामकुम के जमीन कारोबारी सतीश कुमार महतो और व्यवसायी कृष्ण गोपालका को भी धमकी भरे कॉल और मैसेज मिल चुके हैं।
पुलिस के सामने बड़ी चुनौती
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि धमकी देने वाले लोग वास्तव में प्रिंस खान गिरोह से जुड़े हैं या फिर उसके नाम का इस्तेमाल कर रंगदारी वसूलने की कोशिश कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

About Author

error: Content is protected !!