पाथरडीह पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध लोहा लदे दो पिकअप वैन जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

झरिया/धनबाद: धनबाद के पाथरडीह थाना क्षेत्र में अवैध लोहा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो पिकअप वैन जब्त की हैं। वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर पाथरडीह पुलिस ने भौरिक खटाल के समीप संचालित एक अवैध गोदाम में देर रात छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अवैध लोहा लदे दो पिकअप वैन (JH10CX-7196 और BR45GB-0711) को कब्जे में लिया गया।
पुलिस ने मौके से गोदाम संचालक राजू खान और शाहरुख खान को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से दो देशी कट्टा भी बरामद किए गए। प्रारंभिक जांच में पता चला कि जब्त वाहनों में से एक में रेलवे संपत्ति से चोरी किया गया लोहा लोड था। इसके बाद मामले की सूचना तत्काल रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को दी गई।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि झरिया, बनियाहिर, पाथरडीह और कांड्रा क्षेत्र में अवैध लोहा गोदामों का नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय है। गिरफ्तार राजू खान का नाम पहले भी ऐसे मामलों में सामने आ चुका है और वह पूर्व में जेल भी जा चुका है।
पाथरडीह थाना प्रभारी आंसू झा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में लोहा लदे दोनों वाहनों को जब्त किया गया तथा दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। एक वाहन में रेलवे का लोहा पाए जाने पर उसे रेलवे अधिकारियों को सौंप दिया गया है, जबकि दूसरे मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की जांच जारी है और अवैध लोहा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।