रांची में 60 लाख की ज्वेलरी चोरी का खुलासा, परिवार का ही सदस्य निकला मास्टरमाइंड

रांची: राजधानी रांची में लगभग 60 लाख रुपये के जेवरात चोरी मामले का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस सनसनीखेज मामले में एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि चोरी की इस वारदात को किसी बाहरी अपराधी ने नहीं, बल्कि पीड़ित परिवार के ही एक मौसेरे देवर ने अपने दोस्त के साथ मिलकर अंजाम दिया था। आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से घर से कीमती जेवरात चोरी किए और बाद में उन्हें ठिकाने लगाने की साजिश रची।
जांच के दौरान पता चला कि चोरी के जेवरात को एक महिला की मदद से एक ज्वेलरी व्यवसायी तक पहुंचाया गया, जहां उन्हें बेचने का प्रयास किया जा रहा था। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया।
पुलिस ने मुख्य आरोपी, उसके साथी, सहयोगी महिला और ज्वेलरी व्यवसायी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही चोरी गए जेवरात की बरामदगी के लिए कार्रवाई जारी है।
रांची के एसएसपी के. वी. रमन ने बताया कि यह पूरी घटना एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा थी, जिसमें परिवार का ही सदस्य शामिल पाया गया। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है।