बोकारो में नाबालिग से छेड़छाड़ का मामला, तीन आरोपी गिरफ्तार कर भेजे गए जेल
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बोकारो: बोकारो के सेक्टर-6 थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ कथित छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पीड़िता की मां ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि 31 मई की रात वह अपने पति के साथ सर्कस मैदान के पास स्थित झोपड़ी में सोने चली गई थीं। उस समय उनके घर में 18 वर्षीय बेटा और 14 वर्षीय बेटी मौजूद थे।
शिकायत के अनुसार, देर रात आयुष कुमार उर्फ सौरभ, निखिल कुमार और गौतम कुमार घर की चहारदीवारी फांदकर अंदर घुस गए। आरोप है कि तीनों ने नाबालिग लड़की के साथ गलत नीयत से छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपियों ने लड़की के भाई के साथ मारपीट भी की। शोर-शराबा होने पर तीनों मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद पीड़िता की मां ने सेक्टर-6 थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल की जा रही है।