धनबाद में अवैध कोयला खनन पर बड़ी कार्रवाई, बंद खदान में मिले सैकड़ों अवैध मुहाने

धनबाद में अवैध कोयला खनन पर बड़ी कार्रवाई, बंद खदान में मिले सैकड़ों अवैध मुहाने

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

धनबाद: बाघमारा अनुमंडल के सोनारडीह ओपी क्षेत्र स्थित बीसीसीएल एरिया-3 की बाहयरडीह बंद खदान में अवैध कोयला खनन के खिलाफ बीसीसीएल और सीआईएसएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान भारी मात्रा में अवैध कोयला जब्त किया गया। बताया जा रहा है कि करीब पांच हाइवा कोयले के बराबर अवैध भंडारण बरामद हुआ है।
संयुक्त टीम ने खदान क्षेत्र में चल रहे अवैध खनन के कई ठिकानों को ध्वस्त किया। जांच के दौरान खदान के अंदर और आसपास बड़ी संख्या में अवैध मुहाने पाए गए, जिनके जरिए लंबे समय से कोयला निकाला जा रहा था। अधिकारियों ने संकेत दिया है कि अवैध खनन और तस्करी के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि बंद खदान में लंबे समय से संगठित तरीके से अवैध खनन किया जा रहा था। इससे आसपास के रिहायशी इलाकों में भू-धंसान का खतरा लगातार बढ़ रहा था। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध सुरंगें धीरे-धीरे बस्ती और ऐतिहासिक राम मंदिर क्षेत्र तक पहुंच रही थीं, जिससे हजारों लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई थी।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि अवैध कारोबार में शामिल लोगों ने गांव की ओर जाने वाले जल निकासी मार्ग को करकट और सीमेंट डालकर बाधित कर दिया था, ताकि उनके कार्यों में कोई रुकावट न आए।
इस मामले को लेकर स्थानीय महिलाओं ने भी जोरदार विरोध प्रदर्शन किया था। महिलाओं ने अवैध कोयला तस्करी के खिलाफ आवाज उठाते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की थी। लगातार विरोध और किसी बड़े हादसे की आशंका को देखते हुए बीसीसीएल और सीआईएसएफ ने संयुक्त अभियान चलाया।
कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल अस्थायी कार्रवाई पर्याप्त नहीं होगी। उनका मानना है कि अवैध खनन के पूरे नेटवर्क और इसके पीछे सक्रिय लोगों की पहचान कर स्थायी समाधान निकालना आवश्यक है।
फिलहाल प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों को कुछ राहत मिली है, लेकिन यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि अवैध कोयला खनन और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे किस स्तर तक पहुंचता है।

About Author

error: Content is protected !!