कतरास में कोयले के अवैध धंधे को लेकर खूनी संघर्ष, देर रात अंधाधुंध फायरिंग में 3 घायल

कतरास में कोयले के अवैध धंधे को लेकर खूनी संघर्ष, देर रात अंधाधुंध फायरिंग में 3 घायल

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

कतरास : कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद स्थित कैलूडीह मैदान के पास बुधवार देर रात करीब 1 बजे कोयले के अवैध कारोबार में वर्चस्व को लेकर दो गुटों के बीच जमकर गोलीबारी हुई। अंधाधुंध फायरिंग से पूरा छाताबाद इलाका दहल उठा। घटना में तीन लोग गोली लगने से घायल हो गए।
घायलों में छाताबाद निवासी मो. तौसिफ, नीतीश कुमार यादव और एक अन्य शामिल हैं। तौसिफ के कंधे में गोली लगी है, जिसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे दुर्गापुर रेफर कर दिया है। वहीं नीतीश यादव की जांघ में गोली लगी है और उसका इलाज निचितपुर के एक क्लिनिक में चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो सवार कुछ लोग छाताबाद मैदान की ओर से पहुंचे और कैलूडीह मस्जिद भवन के पास अंधाधुंध फायरिंग करते हुए भागने लगे। इसी दौरान दूसरे पक्ष की ओर से भी जवाबी फायरिंग शुरू हो गई। दोनों ओर से हुई गोलीबारी में तीन लोग घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार विमल, कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार, कतरास अंचल इंस्पेक्टर मो. रुस्तम हमारा समेत कई थानों और ओपी की पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके में छापेमारी शुरू कर दी गई।
एसडीपीओ अजीत कुमार विमल ने बताया कि गोलीबारी में शामिल अपराधियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बताया जाता है कि जिस इलाके में फायरिंग हुई, उसके आसपास लंबे समय से अवैध कोयला खनन और चोरी के कोयले का कारोबार चलता है। साइकिल और बाइक से कोयला लाकर छाताबाद और स्वास्तिक टॉकीज के बीच डंप किया जाता है, जहां से ट्रकों के जरिए अलग-अलग इलाकों में सप्लाई की जाती है। इसी अवैध कारोबार पर कब्जे को लेकर दोनों गुटों के बीच वर्षों से संघर्ष जारी है।
गौरतलब है कि पिछले साल मार्च महीने में भी इसी तरह की हिंसक भिड़ंत में मनोज यादव नामक युवक की हत्या कर दी गई थी।

About Author

error: Content is protected !!