ट्रैक्टर की चपेट में आने से 8 वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत

गोबर खेत में डालने के दौरान हुआ हादसा, गांव में पसरा मातम

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

अगैया गांव में घटना स्थल पर पहुंची फतेहपुर पुलिस व मौजूद ग्रामीण।

प्राइम न्यूज24 | फतेहपुर

फतेहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत अगैया सरमुंडी पंचायत के अगैया गांव में बुधवार सुबह करीब 9 बजे एक दर्दनाक हादसे में 8 वर्षीय बच्ची मुकु मुर्मू की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृत बच्ची कालीश्वर मुर्मू की तीन संतानों में दूसरी बेटी बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार गांव में ट्रैक्टर के जरिए खेतों में गोबर डालने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान मुकु मुर्मू अपनी बहन के साथ ट्रैक्टर पर चढ़ गई। बताया जा रहा है कि जब ट्रैक्टर ऊंचे चढ़ान वाले रास्ते से खेत की ओर जा रहा था, तभी बच्ची अचानक असंतुलित होकर नीचे गिर पड़ी। गिरते ही वह ट्रैक्टर के पिछले चक्के की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा बेहद भयावह था। घटना के तुरंत बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने बच्ची को बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही फतेहपुर थाना प्रभारी अमर सिंह तापेए पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर थाना ले जाने की कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर पड़ोसी गांव बानरनाचा का है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा भेज दिया है। थाना प्रभारी अमर सिंह तापेए ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की ओर से आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि खेतों में कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

About Author

error: Content is protected !!