धनबाद में बड़ा हादसा टला: बड़ा गुरुद्वारा के पास चौधरी स्वीट्स में भीषण आग, लाखों का नुकसान

धनबाद के बड़ा गुरुद्वारा के समीप स्थित चौधरी स्वीट्स में बुधवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने से दुकान में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना सुबह करीब 6 बजे की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

बताया जा रहा है कि दुकान संचालक सुबह दुकान खोलकर काम की तैयारी कर रहे थे, तभी अचानक दुकान के अंदर आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकान में रखा सामान जलने लगा। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी।

दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई से आग पर काबू पा लिया गया। गनीमत रही कि दुकान में रखा गैस सिलेंडर आग की चपेट में नहीं आया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
दुकान संचालक के अनुसार आग लगने से करीब पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उनका कहना है कि दुकान में रखा अधिकांश सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया और उनकी जमा पूंजी बर्बाद हो गई।
वहीं घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दुकान के बाहर किए गए कथित अतिक्रमण को लेकर भी सवाल उठाए। लोगों का आरोप है कि दुकान के आगे 4 से 5 फीट तक अवैध कब्जा किया गया है, जिससे इलाके में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले में कार्रवाई की मांग की है।