थाना प्रभारी का मोबाइल हैक, मैसेज भेजकर लोगों से मांगे पैसे
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!रांची। साइबर अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे पुलिस अधिकारियों को भी निशाना बनाने लगे हैं। ताजा मामला राजधानी रांची के बरियातू थाना का है, जहां थाना प्रभारी सह डीएसपी मनोज कुमार का मोबाइल फोन साइबर ठगों द्वारा हैक किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार साइबर अपराधियों ने एक APK फाइल के जरिए इस वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि डीएसपी मनोज कुमार के मोबाइल पर किसी अज्ञात लिंक या फाइल को भेजा गया था। जैसे ही फाइल डाउनलोड हुई, हैकर्स ने मोबाइल का एक्सेस अपने कब्जे में ले लिया। इस तरह के मैलवेयर डाउनलोड होने के बाद फोन का डेटा, कॉन्टैक्ट लिस्ट और मैसेजिंग ऐप्स अपराधियों के नियंत्रण में चले जाते हैं।
मोबाइल हैक करने के बाद साइबर ठगों ने डीएसपी के नाम और पहचान का इस्तेमाल कर लोगों को मैसेज भेजना शुरू कर दिया। ठग अलग-अलग बहाने बनाकर पैसों की मांग कर रहे हैं। लोगों को ऑनलाइन पेमेंट लिंक और QR कोड भेजकर रकम ट्रांसफर करने के लिए कहा जा रहा है।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि डीएसपी मनोज कुमार या किसी अन्य अधिकारी के नाम से पैसे मांगने वाला कोई मैसेज मिले तो बिना सत्यापन के किसी भी प्रकार का भुगतान न करें। साथ ही संदिग्ध लिंक, APK फाइल या अनजान ऐप डाउनलोड करने से बचें।