झारखंड पुलिस में सिपाही नियुक्ति प्रक्रिया तेज, रोस्टर की खामियां दूर करने की तैयारी शुरू
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!रांची। झारखंड पुलिस में 9362 आरक्षी पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर पुलिस मुख्यालय ने तैयारी तेज कर दी है। जिला बल और विभिन्न इकाइयों में सिपाही भर्ती के लिए रिक्तियों के रोस्टर क्लीयरेंस में पाई गई खामियों को दूर करने के उद्देश्य से 14 मई को महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस मुख्यालय ने पहले सभी जिलों और इकाइयों से आरक्षी संवर्ग (चालक, आर्मरर और बिगुलर को छोड़कर) के लिए श्रेणीवार रिक्तियों का विवरण मांगा था। लेकिन जांच के दौरान कई तकनीकी और श्रेणीवार त्रुटियां सामने आईं। इन कमियों के कारण भर्ती प्रक्रिया में देरी की आशंका जताई जा रही है, जिसे मुख्यालय जल्द दूर करने में जुट गया है।
बैठक में झारखंड पुलिस अकादमी हजारीबाग के निदेशक, रांची, जमशेदपुर और धनबाद के एसएसपी समेत सभी जिलों के एसपी और रेलवे, जैप, आईआरबी, एसआईआरबी, मुसाबनी केंद्र और नेतरहाट जैसी विशेष इकाइयों के अधिकारियों को शामिल होने का निर्देश दिया गया है।
रोस्टर की खामियों को ठीक करने के बाद प्रस्ताव गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग को भेजा जाएगा। विभागीय मंजूरी मिलने के बाद भर्ती प्रस्ताव झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) को सौंपा जाएगा, जिसके बाद आयोग आधिकारिक विज्ञापन जारी करेगा।
संभावना जताई जा रही है कि अगले कुछ महीनों में आवेदन प्रक्रिया शुरू हो सकती है।