गिरिडीह-डुमरी के इसरी बाजार में दर्दनाक हादसा, बेकाबू कोयला लदे ट्रक ने मचाई तबाही
op
झारखंड के गिरिडीह जिले के डुमरी स्थित इसरी बाजार में शनिवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। हजारीबाग नंबर के एक बेकाबू कोयला लदे ट्रक ने तेज रफ्तार में करीब 13 वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भयावह था कि घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इस भीषण दुर्घटना में मौके पर ही 8 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि लगभग 12 से 15 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक अनियंत्रित होकर बाजार क्षेत्र में घुस गया और एक के बाद एक कई वाहनों को टक्कर मारता चला गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है।
ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगतों की आत्मा को शांति मिले और घायल जल्द स्वस्थ हों। इस दुखद घड़ी में हमारी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं।