धनबाद के BCCL कर्मी समेत एक ही परिवार के 6 लोगों की दर्दनाक मौत, दनुआ घाटी में भीषण सड़क हादसा

धनबाद के BCCL कर्मी समेत एक ही परिवार के 6 लोगों की दर्दनाक मौत, दनुआ घाटी में भीषण सड़क हादसा

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!


मारुति सेलेरियो के उड़े परखच्चे, चौपारण के पास बनारस-कोलकाता सिक्स लेन पर हुआ हादसा, परिवार में सिर्फ 14 वर्षीय बेटा बचा

धनबाद (मधुबन): झारखंड के धनबाद जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जिसमें बीसीसीएल कर्मी समेत एक ही परिवार के छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, मधुबन थाना क्षेत्र के बुदौरा कॉलोनी निवासी बीसीसीएल कर्मी शिव कुमार भुइयां अपनी पत्नी रूबी देवी, दो बेटियां सोनी और सुहानी, ससुर और साले के पुत्र प्रेम कुमार के साथ मारुति सेलेरियो कार से अपने पैतृक गांव गोवर्धनपुर जा रहे थे।
इसी दौरान बनारस-कोलकाता सिक्स लेन सड़क पर चौपारण थाना क्षेत्र के दनुआ घाटी के पास उनकी कार भीषण हादसे का शिकार हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी छह लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही चौपारण पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद सभी शवों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला गया।
इधर, जैसे ही इस घटना की खबर बुदौरा कॉलोनी पहुंची, पूरे क्षेत्र में मातम छा गया। बताया जा रहा है कि शिव कुमार का 14 वर्षीय पुत्र रंजीत इस यात्रा में शामिल नहीं था, जिससे उसकी जान बच गई। अब इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में केवल वही एकमात्र सदस्य बचा है।

रिपोर्ट: सुल्तान खान

About Author

error: Content is protected !!