राजधानी दिल्ली के दक्षिण-पूर्वी इलाके अमर कॉलोनी से एक बेहद सनसनीखेज और दर्दनाक मामला सामने आया है। एक IRS अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। शुरुआती जांच में युवती के साथ दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है, जिससे यह मामला और भी गंभीर हो गया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मिली जानकारी के अनुसार, वारदात उस समय हुई जब युवती के माता-पिता सुबह जिम गए हुए थे। इसी दौरान आरोपी ने घर में घुसकर इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक, पहले युवती के साथ दुष्कर्म किया गया और फिर मोबाइल चार्जर के तार से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए हैं, वहीं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
परिजनों ने इस वारदात के पीछे एक पूर्व घरेलू सहायक पर शक जताया है, जिसे करीब डेढ़ महीने पहले नौकरी से निकाल दिया गया था। आशंका जताई जा रही है कि उसने बदला लेने की नीयत से इस अपराध को अंजाम दिया हो।
पुलिस ने संदिग्ध की तलाश तेज कर दी है और दावा किया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल मामले की जांच कई एंगल से की जा रही है।
बताया जा रहा है कि मृतका ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की थी और इन दिनों UPSC की तैयारी कर रही थी। इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और लोगों में आक्रोश भी देखा जा रहा है।