हाथूडीह में अवैध उत्खनन के खिलाफ ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, महुदा थाना का घेराव

धनबाद (बाघमारा): हाथूडीह पंचायत में अवैध उत्खनन के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश रविवार को खुलकर सामने आया। बड़ी संख्या में महिला-पुरुष महुदा थाना पहुंचे और थाना गेट के सामने जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने थाना परिसर के मुख्य द्वार पर जमकर नारेबाजी की। तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में आगे बढ़कर मोर्चा संभाले हुए हैं, वहीं कई ग्रामीण हाथों में लिखित आवेदन लेकर अपनी शिकायत दर्ज कराते नजर आए।

ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में अवैध रूप से कोयला उत्खनन करने के लिए पहले पंप लगाकर पानी सुखाया जा रहा है। इस गतिविधि से जंगल, जमीन और जल स्रोतों को भारी नुकसान पहुंच रहा है। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि बाहरी सिंडिकेट गांव में सक्रिय है, जो प्राकृतिक संसाधनों का दोहन कर रहा है और ग्रामीणों के बीच आपसी विवाद पैदा कर अपना काम निकाल रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि किसी भी सूरत में अवैध उत्खनन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपते हुए जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की है।

इस विरोध प्रदर्शन में महिलाओं की भागीदारी खास तौर पर उल्लेखनीय रही, जिन्होंने पूरे आंदोलन में अग्रिम भूमिका निभाई।

रिपोर्ट: बाघमारा से सुल्तान खान

About Author

error: Content is protected !!