धनबाद में युवक की गला रेतकर हत्या, रंधीर वर्मा चौक के पास सनसनी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!कृषि बाजार समिति के बाहर मिला 20 वर्षीय युवक का शव, गले पर धारदार हथियार के गहरे निशान
धनबाद : शहर के सबसे व्यस्त इलाकों में शुमार रंधीर वर्मा चौक के समीप स्थित कृषि बाजार समिति में शुक्रवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक बंद दुकान के बाहर एक युवक का खून से लथपथ शव बरामद हुआ।
मृतक की पहचान 20 वर्षीय रोहित सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रोहित मूल रूप से बोकारो का रहने वाला था और अपने पिता के साथ कई वर्ष पहले रोजी-रोटी की तलाश में धनबाद आकर बस गया था। वह आसपास के इलाके में मजदूरी कर अपना जीवन यापन करता था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोहित बीती रात काम खत्म करने के बाद रोज की तरह दुकान की छत पर सोने गया था। सुबह जब मंडी के दुकानदार और स्थानीय लोग पहुंचे, तो उन्होंने नीचे खून से सना शव पड़ा देखा, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। युवक के गले पर धारदार हथियार से किए गए गहरे वार के निशान मिले हैं, जिससे यह साफ है कि उसकी बेरहमी से गला रेतकर हत्या की गई है।
घटना के बाद फल मंडी क्षेत्र के व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है और आसपास लगे CCTV कैमरों को खंगाला जा रहा है।