उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई: 24 हजार लीटर स्प्रिट जब्त, चालक गिरफ्तार
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद: जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 हजार लीटर कच्चा स्प्रिट जब्त किया है। यह कार्रवाई मंगलवार को गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
जानकारी के अनुसार, तोपचांची थाना क्षेत्र के कोटाल अड्डा स्थित नेशनल हाईवे पर जीओ पेट्रोल पंप के समीप विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। सहायक उत्पाद आयुक्त के निर्देश पर टीम ने नागालैंड नंबर प्लेट (NL-01-L-1775) वाले एक संदिग्ध टैंकर को रोककर जांच की।
तलाशी के दौरान टैंकर से करीब 24 हजार लीटर कच्चा स्प्रिट बरामद हुआ, जिसे अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा था। पूछताछ में चालक ने खुलासा किया कि यह खेप गिरिडीह और हजारीबाग जिलों में सक्रिय नकली शराब कारोबारियों तक पहुंचाई जानी थी।
उत्पाद विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए टैंकर को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
उत्पाद निरीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब निर्माण और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।