कोर्ट से गवाही देकर लौट रहे युवक को गोलियों से भूना, बोलेरो सवार बदमाशों ने बरसाई गोलियां, मौके पर मौत
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!चतरा (झारखंड): राज्य के चतरा जिले में शुक्रवार देर शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कोर्ट से गवाही देकर घर लौट रहे एक युवक की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि बोलेरो सवार बदमाशों ने युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना सिमरिया–चतरा मुख्य सड़क पर नवोदय विद्यालय के पास स्थित मोड़ के पास हुई। बताया जा रहा है कि युवक मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उस पर हमला कर दिया।
बोलेरो से पहुंचे हमलावर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बोलेरो वाहन से पहुंचे अपराधियों ने युवक को निशाना बनाते हुए करीब तीन राउंड फायरिंग की। पहली गोली युवक की छाती में लगी, जबकि दूसरी गोली उसके पैर में जा लगी। तीसरी गोली उसकी बाइक की टंकी में लगी। छाती में गोली लगने के कारण युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
मृतक की पहचान
मृतक की पहचान केरेडारी थाना क्षेत्र के सलगा गांव निवासी करमजीत कुमार उर्फ विकास कुमार के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, युवक किसी मामले में कोर्ट में गवाही देकर वापस घर लौट रहा था, तभी रास्ते में अपराधियों ने उसे निशाना बना लिया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी अवधेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
सभी एंगल से जांच
पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। हालांकि शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक किसी प्रेम प्रसंग से जुड़े मामले में कोर्ट में गवाही देकर लौट रहा था। इसी एंगल से भी पुलिस जांच कर रही है। साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ और घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।