गिरिडीह में मासिक अपराध गोष्ठी, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का एसपी का निर्देश
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
गिरिडीह: पुलिस अधीक्षक कार्यालय गिरिडीह के सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने की। इस बैठक में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, अंचल पुलिस निरीक्षक सहित सभी थाना एवं ओपी प्रभारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान एसपी डॉ. विमल कुमार ने लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने वारंट और कुर्की से जुड़े लंबित मामलों के जल्द निपटारे, पासपोर्ट एवं चरित्र सत्यापन से संबंधित लंबित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन तथा न्यायालय से जुड़े मामलों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा विभिन्न आयोगों से प्राप्त पत्रों पर त्वरित कार्रवाई करने और आम जनता से मिलने वाली शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने को कहा गया।
बैठक में आगामी ईद, सरहुल और रामनवमी जैसे त्योहारों को देखते हुए जिले की विधि-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने और क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए।