होली की मारपीट में घायल युवक की मौत, रांची में इलाज के दौरान तोड़ा दम
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रांची : राजधानी रांची के धुर्वा इलाके में होली के दिन हुई मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान विजय कुमार सिंह के रूप में हुई है। वे पिछले कई दिनों से रांची के Raj Hospital में भर्ती थे, जहां शुक्रवार को इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, होली के दिन विजय कुमार सिंह अपने एक रिश्तेदार के घर विद्यानगर गए थे। वहां से लौटते समय रास्ते में कुछ लोगों के बीच विवाद और मारपीट हो रही थी। बताया जाता है कि झगड़ा शांत कराने की कोशिश के दौरान कुछ लोगों ने विजय कुमार सिंह को भी बेरहमी से पीट दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद परिजनों ने उन्हें तुरंत इलाज के लिए राज अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए आंत का ऑपरेशन भी किया, लेकिन हालत में कोई खास सुधार नहीं हो सका। आखिरकार शुक्रवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
युवक की मौत के बाद परिवार में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।