सिंह मेंशन में साढ़े 8 साल बाद भव्य होली मिलन: मेयर संजीव सिंह और विधायक रागिनी सिंह ने समर्थकों संग खेली रंगों की होली
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद: कोयलांचल का चर्चित सिंह मेंशन एक बार फिर रंगों और उमंग से सराबोर नजर आया। करीब साढ़े आठ साल बाद यहां भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अगुवाई धनबाद नगर निगम के नवनिर्वाचित मेयर संजीव सिंह और झरिया की भाजपा विधायक रागिनी सिंह ने की। समारोह में बड़ी संख्या में समर्थक, शुभचिंतक और क्षेत्रवासी शामिल हुए।

सुबह से ही सिंह मेंशन परिसर में उत्सव जैसा माहौल था। ढोल-नगाड़ों की थाप और फगुआ गीतों पर लोग झूमते नजर आए। एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दी गईं। पूरा वातावरण सामाजिक सौहार्द और भाईचारे के रंग में रंगा दिखा।
विधायक रागिनी सिंह ने महिला मंडली के साथ पारंपरिक अंदाज में होली खेली। उन्होंने फगुआ गीत गाए और महिलाओं संग रंग-गुलाल लगाकर उत्सव की खुशियां साझा कीं। वहीं मेयर संजय सिंह समर्थकों के बीच पहुंचे और सबके साथ रंगों का त्योहार मनाया। समर्थकों ने उन्हें गुलाल लगाकर मेयर बनने की बधाई दी और जीत की खुशी में जश्न मनाया।

मेयर संजीव सिंह के जेल से बरी होकर बाहर आने के बाद यह पहला मौका है जब पूरे परिवार और समर्थकों के साथ सिंह मेंशन में होली मिलन समारोह आयोजित हुआ। हालिया नगर निगम चुनाव में उनकी जीत ने समर्थकों की खुशी को दोगुना कर दिया, जिसका उत्साह समारोह में साफ झलकता रहा।
इस अवसर पर मेयर ने कहा कि होली प्रेम, सौहार्द और एकता का पर्व है। उन्होंने धनबाद की जनता के साथ मिलकर शहर की प्रगति, सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। वहीं विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि साढ़े आठ वर्षों बाद पूरा परिवार एक साथ इस पर्व को मना रहा है, जो उनके लिए विशेष क्षण है। उन्होंने सभी से शांति और भाईचारे के साथ होली मनाने की अपील की।
रंग, गुलाल और लोकगीतों के बीच सिंह मेंशन एक बार फिर सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बना रहा। लंबे अंतराल के बाद आयोजित यह होली मिलन समारोह समर्थकों के लिए यादगार और ऐतिहासिक साबित हुआ।