वाराणसी में पुलिस मुठभेड़, एक लाख का इनामी शूटर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

वाराणसी में पुलिस मुठभेड़, एक लाख का इनामी शूटर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

वाराणसी (UP): उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद में चर्चित कॉलोनाइजर महेन्द्र गौतम हत्याकांड से जुड़े एक लाख रुपये के इनामी शूटर को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई सारनाथ थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
पुलिस को सूचना मिली थी कि हत्याकांड में शामिल बदमाश अपने एक साथी के साथ गंगा किनारे सरायमोहना और सलारपुर इलाके में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की। इसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक नजर आए। पुलिस को देखते ही दोनों बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी और मौके से फरार होने लगे।
करीब एक किलोमीटर तक पीछा करने के बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
गिरफ्तार बदमाश की पहचान अरविन्द यादव उर्फ फौजी उर्फ कल्लू, पुत्र सन्तू प्रसाद, निवासी ग्राम सिमराफैज, कोतवाली गाजीपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह महेन्द्र गौतम हत्याकांड में शूटर की भूमिका में शामिल था और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।
मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने दो अवैध तमंचे, जिंदा कारतूस और 750 रुपये नकद बरामद किए हैं। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि हत्याकांड की साजिश रचने वाला मुख्य आरोपी पहले ही जेल भेजा जा चुका है। फरार बदमाश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार शूटर कुख्यात अपराधी बनारसी यादव का करीबी बताया जा रहा है।
इस कार्रवाई में सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी, एसओजी प्रभारी गौरव सिंह, चौकी इंचार्ज राहुल यादव, सरायमोहाना चौकी इंचार्ज अनुज शुक्ला सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

About Author

error: Content is protected !!