बीसीसीएल बरोरा क्षेत्र में अवैध खनन पर CISF का प्रहार, तीन घंटे चला संयुक्त अभियान
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद : बीसीसीएल बरोरा क्षेत्र संख्या–1 में गुरुवार को अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। दामोदा परियोजना पदाधिकारी कार्यालय के पीछे सिजुआ इलाके में बड़े पैमाने पर हो रहे अवैध खनन को रोकने के लिए बीसीसीएल प्रबंधन, स्थानीय पुलिस और सीआईएसएफ एरिया–1 की संयुक्त टीम ने सघन छापेमारी अभियान चलाया।
करीब तीन घंटे तक चले इस संयुक्त अभियान में भारी मशीनों और संसाधनों की मदद से अवैध खनन के मुहानों को पूरी तरह भर दिया गया। कार्रवाई के दौरान स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण रही और किसी प्रकार की विधि–व्यवस्था की समस्या उत्पन्न नहीं हुई।
अभियान के दौरान स्थानीय थाना पुलिस, सीआईएसएफ पोस्ट कमांडर, क्यूआरटी (QRT), आसूचना शाखा के अधिकारी तथा बीसीसीएल के वरीय पदाधिकारी मौके पर मौजूद थे। सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया।
बीसीसीएल अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और भविष्य में भी इस तरह के अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे।