Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
रामगढ़ : झारखंड और छत्तीसगढ़ में इन दिनों हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला झारखंड के रामगढ़ जिले से सामने आया है, जहां रामगढ़ वन प्रमंडल के कुजु वन क्षेत्र में हाथियों ने एक ही दिन में कुल चार लोगों की जान ले ली। वहीं अलग-अलग घटनाओं को मिलाकर अब तक पांच मौतों की पुष्टि हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, सीसीएल में कार्यरत एक सुरक्षा गार्ड जंगल क्षेत्र में एक हाथी के बेहद करीब जाकर सेल्फी लेने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान हाथी अचानक उग्र हो गया और गार्ड को पटक-पटककर रौंद डाला, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि हाथी के हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच जाती है। कई लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आते हैं, जबकि हाथी अपनी सूंड और अगले पैरों से एक युवक को बेरहमी से रौंदता दिखाई देता है। दृश्य इतने भयावह हैं कि देखने वालों की रूह कांप जाए। वीडियो बना रहे लोग हाथी को भगाने की आवाज लगाते हैं, लेकिन कोई भी आगे बढ़कर उसे रोकने की हिम्मत नहीं जुटा पाता। जब तक हाथी को खदेड़ा जाता है, तब तक काफी देर हो चुकी होती है और गार्ड दम तोड़ चुका होता है।
वन विभाग के अनुसार, यह हाथी अपने झुंड से बिछड़ गया था, जिसके बाद उसने इलाके में दहशत फैला दी। अलग-अलग घटनाओं में दो महिलाओं समेत कुल पांच लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि एक नाबालिग और एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद वन विभाग और प्रशासन अलर्ट मोड में है। प्रभावित इलाकों में लोगों को जंगल की ओर न जाने की चेतावनी दी गई है और हाथी को नियंत्रित करने के लिए विशेष टीम तैनात
की गई है।