डुमरी से बड़ी खबर : तीन पिकअप में 19 अवैध गायें बरामद, पुलिस ने कई को पकड़ा, कुछ आरोपी फरार
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
गिरिडीह : डुमरी थाना क्षेत्र के डुमरी बैरियर के पास शुक्रवार की देर रात पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीन पिकअप वाहनों को पकड़ा, जिनमें कुल 19 अवैध गायें लदी हुई थीं। बताया जा रहा है कि ये सभी वाहन सुइयाडीह इलाके से चलकर किसी अन्य जिले की ओर जा रहे थे।

सूत्रों के अनुसार, वाहनों में ठूँस-ठूँस कर गायों को भरा गया था, जिससे कई पशु घायल भी हो गए। आसपास के ग्रामीणों को जब इस अवैध परिवहन की जानकारी मिली, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही डुमरी थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुँची और स्थानीय लोगों के सहयोग से तीनों वाहनों को घेराबंदी कर पकड़ा। हालांकि, पुलिस के पहुँचने से पहले कुछ चालक और खलासी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।

पुलिस ने मौके से कुछ ड्राइवर और खलासियों को गिरफ्तार किया है और तीनों पिकअप वाहनों को जब्त कर थाने ले जाया गया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि सभी गायों को सुरक्षित स्थान पर रखवाने की व्यवस्था की जा रही है और फरार आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की है और माँग की है कि इस तरह की अवैध पशु तस्करी पर सख्त कार्रवाई हो।