भूली में कार और बाइक की जोरदार टक्कर, एक युवक गंभीर रूप से घायल
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद जिले के भूली नगर में मंगलवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा भूली क्षेत्रीय अस्पताल के समीप हुआ, जहां कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।

भूली सी ब्लॉक रोड स्थित क्षेत्रीय अस्पताल भूली के गेट संख्या-1 के पास मंगलवार की शाम एक कार (संख्या JH10 AJ 7681) और बाइक (संख्या JH10 CQ 8406) के बीच जबरदस्त टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि कार झारखंड मोड़ की ओर से आ रही थी जबकि बाइक बुधनी हटिया की दिशा से जा रही थी।
भिड़ंत इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल रोड किनारे नाली में जा गिरी और बाइक सवार युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को भूली शक्ति मार्केट स्थित एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए असर्फी अस्पताल रेफर कर दिया।
घायल युवक की पहचान भूली न्यू बी.एल. कॉलोनी निवासी सौरभ चौहान के रूप में हुई है। वहीं, कार ओल्ड बी-टाइप क्षेत्र की बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही भूली पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ के बाद दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।