मामूली सी चूक पर टपका डाला रेस्टुरेंट संचालक को…
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!रांची: राजधानी रांची की सर्द होती शाम में किसी ने सोचा भी नहीं था कि एक बिरयानी का ऑर्डर किसी की जान ले लेगा। कांके थाना क्षेत्र के व्यस्त इलाके में स्थित चौपाटी रेस्टुरेंट शनिवार रात अचानक गोलियों की आवाज़ से दहल उठा। कुछ ही पलों में अफरातफरी, चीखें और भागते कदमों की गूंज से पूरा इलाका सहम गया।
सूत्रों के अनुसार, अभिषेक नामक युवक ने चौपाटी रेस्टुरेंट से वेज बिरयानी पैक करवाई थी। लेकिन जब वह घर पहुंचा और पैकेट खोला, तो उसमें नॉनवेज बिरयानी निकली। यह रेस्टुरेंट स्टाफ की मामूली गलती थी, लेकिन वही गलती एक निर्दोष की मौत की वजह बन गई।
गुस्से में भरे अभिषेक ने रेस्टुरेंट संचालक विजय बैठा को फोन लगाया। दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद अभिषेक ने फोन काट दिया — लेकिन उसका गुस्सा शांत नहीं हुआ। देर रात वह सीधा रेस्टुरेंट जा पहुंचा।
गवाहों के अनुसार, रेस्टुरेंट पहुंचते ही अभिषेक और विजय के बीच फिर से बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते अभिषेक ने कमर से पिस्तौल निकाली और विजय पर गोली चला दी। गोली लगते ही विजय जमीन पर गिर पड़े। जब तक लोग कुछ समझ पाते, अभिषेक मौके से फरार हो चुका था।
घटना के बाद रेस्टुरेंट में अफरातफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। कुछ ने पुलिस को सूचना दी तो कुछ ने विजय को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी — विजय बैठा की मौत हो चुकी थी।
भिट्ठा बस्ती निवासी विजय की मौत की खबर सुनते ही इलाके में मातम छा गया। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उनकी पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल ।
घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी अमर पांडेय और कांके थानेदार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए हैं।
आरोपी अभिषेक की पहचान कर ली गई है, और पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।