धनबाद: उपायुक्त ने सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की सभी सुविधाएं जल्द शुरू करने के दिए निर्देश
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!धनबाद। शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (एसएनएमएमसीएच) में बने सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल की सभी सुविधाएं जल्द शुरू करने के लिए उपायुक्त और जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन की अध्यक्षता में समाहरणालय में बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में एसएनएमएमसीएच के अधीक्षक, प्रिंसिपल, सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के नोडल पदाधिकारी, भवन प्रमंडल, नगर निगम और बिजली विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि अस्पताल में ओटी, आईसीयू और सभी प्रकार की जांच जल्द शुरू की जाए। इसके लिए बिजली और जलापूर्ति की व्यवस्था, परिसर में बाउंड्री वॉल निर्माण, साफ-सफाई, तालाब निर्माण और सौंदर्यीकरण जैसे कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने बिजली विभाग को मशीन अधिष्ठापन में आ रही समस्याओं को दूर करने और नगर निगम तथा पीएचईडी अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही, अस्पताल परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अतिक्रमण हटाने की भी बात कही गई।
उन्होंने कहा कि खाली पड़े स्थानों में तालाब निर्माण और पहले से मौजूद तालाबों का सौंदर्यीकरण किया जाए। सभी कार्यकारी एजेंसियों और अस्पताल प्रबंधन को जनता के हित में समन्वय स्थापित कर कार्य करने का निर्देश दिया गया।