त्रिवेणी कंस्ट्रक्शन के हाईवा ने बाइक सवार को रौंदा, युवक की मौत के बाद परिजनों का गेट जाम

 

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

त्रिवेणी कंस्ट्रक्शन के हाईवा ने बाइक सवार को रौंदा, युवक की मौत के बाद परिजनों का गेट जाम — कंपनी ने दी 7.5 लाख की मदद का आश्वासन

धनबाद जिले के पूर्वी टुंडी थाना क्षेत्र के पोखरिया गांव में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, त्रिवेणी कंस्ट्रक्शन कंपनी के हाईवा वाहन ने बाइक सवार युवक को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही गंभीर स्थिति हो गई। घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान राजू कुम्हार (पिता सुबल कुम्हार, निवासी पोखरिया) के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। सैकड़ों ग्रामीणों ने शव को लेकर त्रिवेणी कंस्ट्रक्शन कंपनी के गेट के सामने धरना प्रदर्शन किया और मुआवजे की मांग की।

स्थिति को बिगड़ता देख कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर ने मौके पर पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों से वार्ता की। चर्चा के बाद कंपनी की ओर से मृतक परिवार को ₹7,50,000 (सात लाख पचास हजार रुपये) और एक मासिक मानदेय देने का आश्वासन दिया गया।

इस दौरान मोहलीडीह पंचायत के मुखिया पुत्र संतोष कुंभकार ने कहा कि,

“त्रिवेणी कंस्ट्रक्शन कंपनी की लापरवाही के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। सड़क निर्माण कार्य में सुरक्षा के प्रति उदासीनता के चलते हर दिन कोई न कोई हादसे का शिकार बन रहा है।”

ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि कंपनी आगे भी सुरक्षा मानकों की अनदेखी करती रही, तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

 

About Author

error: Content is protected !!