हजारीबाग वन भूमि घोटाला : एडीएम रैंक की अधिकारी अलका कुमारी एसीबी के हिरासत में
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!हजारीबाग वन भूमि घोटाले मामले में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। एसीबी (भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो) ने एडीएम रैंक की अधिकारी अलका कुमारी को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि अलका कुमारी पूर्व में हजारीबाग जिले में सीओ (अंचल अधिकारी) के पद पर पदस्थापित रह चुकी हैं।
सूत्रों के अनुसार, वन भूमि घोटाले में पहले से गिरफ्तार विनय कुमार सिंह को भी रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। एसीबी की छापेमारी में उनके ठिकानों से जमीन की डीड और कई अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, यह पूरा मामला उस समय का है जब विनय कुमार चौबे हजारीबाग के डीसी थे। उसी अवधि में कथित रूप से दस्तावेजों में हेरफेर कर वन भूमि की जमाबंदी कराई गई थी।
एसीबी ने अब इस प्रकरण में अलका कुमारी और विनय कुमार सिंह दोनों से पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं जांच एजेंसी जल्द ही विनय कुमार सिंह की पत्नी स्निग्धा सिंह और उनके भाई से भी पूछताछ करेगी।
बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपियों के अलावा, इस घोटाले में तत्कालीन सीओ, सीआई, राजस्व कर्मचारी समेत तीन दर्जन से अधिक लोगों की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है। एसीबी जल्द ही सभी को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुलाएगी।