राष्ट्रपति के धनबाद आगमन को लेकर सुरक्षा तैयारियां चाक-चौबंद, डीसी-एसएसपी ने दी संयुक्त ब्रीफिंग
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
धनबाद: महामहिम राष्ट्रपति महोदया के धनबाद आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंगलवार को उपायुक्त आदित्य रंजन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में एक अहम ब्रीफिंग सत्र का आयोजन आईएसएम परिसर में किया गया।

इस ब्रीफिंग में कार्यक्रम स्थल एवं रूट लाइन में प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण एवं अन्य विधि-व्यवस्था संधारण के बिंदुओं पर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए।
“क्या करें, क्या न करें” की विस्तृत जानकारी:
डीसी और एसएसपी ने ड्यूटी के दौरान अधिकारियों व कर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने, अपने-अपने स्थानों की भलीभांति पहचान करने, समय पर पहुंचने, और वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। सभी प्रतिनियुक्त स्थलों, चौराहों, ऊँची इमारतों पर चौकसी बढ़ाने और किसी भी प्रकार की चूक से बचने का निर्देश दिया गया।
प्रवेश केवल पहचान-पत्रधारी को:
उपायुक्त ने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर बिना पहचान पत्र के किसी भी व्यक्ति को प्रवेश नहीं मिलेगा। उन्होंने सभी मजिस्ट्रेट एवं पुलिस पदाधिकारियों को पहले से अपने कार्यस्थल का निरीक्षण करने और समन्वय सुनिश्चित करने को कहा।
एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश:
श्री प्रभात कुमार ने राष्ट्रपति के हेलीकॉप्टर लैंडिंग से लेकर कार्यक्रम समाप्ति तक सभी चरणों के लिए जिम्मेदार अधिकारियों को समन्वय के साथ काम करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि समारोह स्थल पर छात्र, अभिभावक और अतिथियों को केवल निर्दिष्ट गेट से ही प्रवेश देने की व्यवस्था रहेगी।
उपस्थित अधिकारीगण:
इस संयुक्त ब्रीफिंग में उप विकास आयुक्त श्री सादात अनवर, ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, एडीएम हेमा प्रसाद, अनुमंडल पदाधिकारी राजेश कुमार, डीआरडीए निदेशक राजीव रंजन, डीएसपी श्री धीरेन्द्र नारायण बंका, सुमित कुमार, शंकर कामती, अरविन्द कुमार सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा एवं जिला शिक्षा अधीक्षक आयुष कुमार सहित सभी दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।