चतरा: सिविल ड्रेस में पुलिस जवान ने मजदूर को बेरहमी से पीटा, वीडियो वायरल
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!चतरा/गंदौरी मंदिर:
चतरा जिले के गंदौरी मंदिर के समीप स्थित पवन होटल के पास शनिवार की शाम एक शर्मनाक घटना सामने आई, जहाँ सिविल ड्रेस में एक पुलिस जवान ने एक मजदूर को सड़क पर खुलेआम बेरहमी से पीट दिया। यह घटना अब पूरे जिले में चर्चा का विषय बन चुकी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सिविल ड्रेस में दो पुलिस जवान बुलेट बाइक से पवन होटल पहुंचे थे। इसी दौरान एक मजदूर ने अनजाने में अपनी बाइक उनकी बुलेट के पीछे खड़ी कर दी। जवानों ने मजदूर से बाइक हटाने को कहा, लेकिन मामूली देरी होने पर बात बढ़ गई और एक जवान ने मजदूर पर हमला कर दिया।
जिस जवान ने मारपीट की वह सदर थाना में पदस्थापित पुलिस जवान मनीष कुमार बताया जा रहा है। उनके साथ मौजूद दूसरा जवान अंकित कुमार था। वीडियो में मनीष को लाल शर्ट में और अंकित को सफेद शर्ट में साफ देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त दोनों जवान नशे की हालत में थे।
घटना का वीडियो मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में मजदूर को बुरी तरह से पीटे जाने के दृश्य साफ देखे जा सकते हैं। आम जनता और स्थानीय लोग इस घटना को लेकर काफी आक्रोशित हैं और दोषी जवानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पुलिस प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन घटना की गंभीरता को देखते हुए जल्द ही जांच और कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।