तीन सगी बहनों का कमाल, एक साथ यूपी पुलिस परीक्षा में चयन, होली पर परिवार को मिली खुशी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जौनपुर।यूपी सिपाही भर्ती के फाइनल रिजल्ट का इंतजार गुरुवार को खत्म हो गया. यूपी कॉस्टेबल के करीब 60,244 पदों पर सीधी भर्ती के लिए बोर्ड ने रिजल्ट जारी कर दिया है. इस दौरान जौनपुर की तीन बहनों का जलवा यूपी पुलिस में देखने को मिला।जिले के मड़ियाहूं तहसील क्षेत्र के महमदपुर अजोशी गांव की तीन सगी बहनों खुशबू चौहान, कविता चौहान और सोनाली चौहान ने यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा में सफलता हासिल कर इतिहास रच दिया. गुरुवार को होलिका दहन के दिन आए परीक्षा परिणाम ने इस परिवार की खुशियों को दोगुना कर दिया।
खेल के मैदान से पुलिस की वर्दी तक का सफर।
तीनों बहनें शुरू से ही खेल के क्षेत्र में सक्रिय रही हैं. खुशबू चौहान खो-खो खिलाड़ी हैं और वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय, जौनपुर की ओर से अखिल भारतीय स्तर पर प्रतियोगिता में भाग ले चुकी हैं. कविता चौहान उत्तर प्रदेश की कबड्डी टीम का हिस्सा रह चुकी हैं. वहीं सोनाली चौहान एक बेहतरीन धाविका हैं और राष्ट्रीय स्तर पर क्रॉस कंट्री रेस में भाग ले चुकी हैं.तीनों बहनों ने साथ मिलकर कड़ी मेहनत की और सिपाही भर्ती परीक्षा में सफलता पाकर क्षेत्र का नाम रोशन किया।
गांव में खुशी की लहर।
तीनों बहनों के चयन की खबर फैलते ही गांव में जश्न का माहौल बन गया. लोग मिठाइयां बांटकर अपनी खुशी जाहिर कर रहे हैं. जिला कबड्डी एसोसिएशन के सचिव एवं जिला व्यायाम शिक्षक ने बताया कि तीनों बहनें नियमित रूप से अभ्यास करती थीं और उनकी मेहनत का यह परिणाम पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
स्वतंत्रता सेनानी के परिवार की नई उपलब्धि।
इन बहनों के पिता स्वतंत्र कुमार चौहान स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय इंद्रपाल चौहान के पुत्र हैं. परिवार की इस सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया कि मेहनत और समर्पण से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।